-सहयोग शिविर में 74 आवेदन, 252 मरीजों का हुआ इलाज
-विधायक प्रमोद कुमार ने झाखरा बलुआ अनुसूचित जाति टोला को लिया गोद
फोटो : झखरा में आयोजित सहयोग शिविर में विधायक प्रमोद कुमार व अन्य
माला सिन्हा
पीपराकोठी : प्रखंड क्षेत्र के सूर्यपुर पंचायत अंतर्गत झाखरा बलुआ गांव में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह विधायक प्रमोद कुमार, उपप्रमुख योगी मांझी एवं बीडीओ दिनेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया तथा योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए. शिविर में कुल 74 आवेदन प्राप्त हुए. वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में पहुंचने वाले 252 मरीजों की जांच एवं इलाज किया. शिविर के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी. श्रम विभाग की ओर से पात्र लाभुकों के बीच चेक का भी वितरण किया गया. इससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत मिली. इस अवसर पर विधायक प्रमोद कुमार ने झाखरा बलुआ अनुसूचित जाति टोला को गोद लेने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, नाली, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है. समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सहयोग शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाएं एवं जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है. बीडीओ दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर नियमानुसार शीघ्र निष्पादन कराने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करने की अपील की. मौके पर सीओ कुमार राघवेंद्र राघवन, थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, उपमुखिया सुधीर शर्मा, लालू मांझी, वार्ड सदस्य हीरा यादव, दिलीप कुमार, सिपाही सहनी, श्रीकांत यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अन्य लोग मौजूद थे.



