अलग-अलग ठिकानों से 14 युवक हिरासत में
रक्सौल।अनिल कुमार। शहर में बढ़ते नशे के सेवन की सूचना पर रक्सौल पुलिस ने रविवार को अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर 14 युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा सेवन करने वाले युवकों में हड़कंप मच गया। हिरासत में लिए गए युवकों में नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने सभी को बीएनएस की धारा 128 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष उपस्थापित करने के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के विभिन्न इलाकों में कुछ युवक स्मैक का सेवन कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने चिन्हित स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान अलग-अलग जगहों से कुल 14 युवकों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए युवकों में जोकियारी वार्ड संख्या-7 निवासी राधेश्याम कुमार (18), छोटा डुमरिया टोला निवासी सुहैल आलम (19), अहिरवा टोला निवासी जितेन्द्र कुमार (18) और समीर अली (20), नागा रोड वार्ड संख्या-22 निवासी भोला कुमार (19), त्रिलोकी नगर वार्ड संख्या-25 निवासी टुना कुमार (19) एवं हरेराम कुमार (20), कोइरिया टोला निवासी रूपेश कुमार (15), अमृत कुमार (14), दीपु कुमार (26) एवं ललन कुमार (25) शामिल हैं।
इसके अलावा हरैया थाना क्षेत्र के पनटोका वार्ड संख्या-17 निवासी उदय पटेल (19) तथा पश्चिमी चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बंकट मुसहरी वार्ड संख्या-2 निवासी कन्हैया कुमार (17) को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
बताया गया कि पुलिस की कार्रवाई में रक्सौल थाना क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों के साथ-साथ आसपास के थाना क्षेत्रों के युवक भी पकड़े गए हैं। इनमें 14 और 15 वर्ष की उम्र के नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में नशे के सेवन पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कार्रवाई माना जा रहा है। थानाध्यक्ष ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
फोटो-स्मैक के खिलाफ रक्सौल पुलिस का बड़ा अभियान
- अलग-अलग ठिकानों से 14 युवक हिरासत में



