HomeUncategorizedश्रावणी मेला 2026: चंपारण के श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात, रक्सौल से देवघर...

श्रावणी मेला 2026: चंपारण के श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात, रक्सौल से देवघर के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन

देश वाणी। दिलीप दुबे

मोतिहारी। श्रावणी मेला के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने एक बड़ी सौगात दी है। मेले के दौरान उमड़ने वाली यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेल द्वारा 12 जोड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों का परिचालन करने का निर्णय लिया गया है। इस विशेष व्यवस्था से देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सहूलियत मिलेगी, विशेष रूप से चंपारण क्षेत्र के शिवभक्तों के लिए रक्सौल से देवघर के बीच एक जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है।

पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा के लिए गाड़ी संख्या 05545/05546 रक्सौल-देवघर-रक्सौल श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का परिचालन 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन प्रत्येक रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को दोनों दिशाओं में चलेगी। रक्सौल से देवघर के बीच यह स्पेशल ट्रेन सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, किउल, जमालपुर और भागलपुर के रास्ते अपनी दूरी तय करेगी।

ट्रेन के समय-सारणी की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 05545 रक्सौल-देवघर स्पेशल रक्सौल से मध्य रात्रि 00.30 बजे रवाना होगी और मार्ग के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए उसी दिन शाम 17.05 बजे देवघर पहुंचेगी। वहीं वापसी दिशा में, गाड़ी संख्या 05546 देवघर-रक्सौल स्पेशल देवघर से शाम 18.05 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 11.40 बजे रक्सौल पहुंचेगी। रेलवे के इस फैसले से चंपारण सहित मार्ग में पड़ने वाले सभी जिलों के श्रद्धालुओं में हर्ष का माहौल है और इससे कांवरियों की यात्रा काफी सुगम हो जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular