देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। आरपीएफ ने जीवधारा-बापूधाम मोतिहारी रेल खंड के बीच से रेल ट्रैक की पेंड्राल क्लिप चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से चोरी किए गए 14 पीस ईआरसी क्लिप भी बरामद किए गए हैं।
बापूधाम मोतिहारी आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि 2 नवंबर की रात जीवधारा-बापूधाम मोतिहारी सेक्शन के डाउन लाइन में किलोमीटर संख्या 160/34 व 161/04 के बीच से 14 पीस पेंड्राल क्लिप गायब पाए गए थे। इस संबंध में सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेल पथ) ओम प्रकाश के आवेदन पर आरपीएफ पोस्ट बापूधाम मोतिहारी में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक गोकुलेश पाठक व आरपीएफ टीम ने बीएसएनएल कार्यालय के पीछे निर्माणाधीन एफओबी के पास घेराबंदी की। वहां एक संदिग्ध व्यक्ति को पीले रंग का वजनी प्लास्टिक बैग ले जाते देखा गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान कृष्णा ठाकुर बताया, जो पिपरा, वार्ड नंबर-2 का रहने वाला है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह कबाड़ का काम करने के साथ-साथ लोहे की भट्टी चलाता है और उससे छेनी-हथौड़ी बनाकर बाजारों व मेलों में बेचता है। उसी ने ट्रैक से पत्थर से मारकर 14 ढीली चाबियां निकाली थीं, जिनसे छेनी बनाई जानी थीं। आरपीएफ ने कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।



