- सृष्टिकाल से चली आ रही है सूर्योपासना की परंपरा, चार दिवसीय अनुष्ठान की तैयारियां पूर्ण
- आयुर्वेद और विज्ञान में भी निहित है सूर्य पूजा का विशेष महत्व
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। लोक आस्था और प्रकृति के अद्भुत समन्वय का महान पर्व छठ (सूर्यषष्ठी) का चार दिवसीय अनुष्ठान शुक्रवार, 13 नवंबर को ‘नहाय-खाय’ के साथ आरंभ हो जायेगा। आस्था के इस महापर्व को लेकर समाज में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान का विधिवत समापन होगा।
महर्षिनगर स्थित आर्षविद्या शिक्षण प्रशिक्षण सेवा संस्थान-वेद विद्यालय के प्राचार्य सुशील कुमार पाण्डेय के अनुसार, सनातन शास्त्रों में द्वादश आदित्यों को भगवान सूर्य की शक्तियां माना गया है। सूर्य एकमात्र प्रत्यक्ष देवता हैं, जिनकी उपासना से आयु, विद्या, बुद्धि, बल, तेज और मोक्ष की प्राप्ति होती है। आयुर्वेद में भी आरोग्य के लिए “आरोग्यं भास्करादिच्छेत्” कहकर सूर्योपासना का विशेष निर्देश दिया गया है। आधुनिक विज्ञान भी सौर ऊर्जा और सूर्य के प्रकाश के स्वास्थ्यवर्धक गुणों को स्वीकार करता है।
पौराणिक संदर्भ और ऐतिहासिक महत्व
छठ व्रत की परंपरा सृष्टिकाल से ही चली आ रही है। सतयुग में राजा शर्याति की पुत्री और च्यवन ऋषि की पत्नी सुकन्या ने नागकन्या के उपदेश से यह व्रत किया था। त्रेतायुग में भगवान श्रीराम ने रावण पर विजय प्राप्त करने से पूर्व सूर्योपासना की थी। द्वापर युग में महारथी कर्ण ने सूर्योपासना से ही कवच-कुण्डल प्राप्त किए थे और पांडुपुत्र युधिष्ठिर ने इसी व्रत के प्रभाव से अपनी खोई हुई राज्यलक्ष्मी पुनः प्राप्त की थी।
औषधीय एवं पर्यावरणीय संदेश
छठ पूजा में उपयोग होने वाले प्रसाद और अर्घ्य की सामग्रियां जैसे ईंख, अदरक, हल्दी, सिंघाड़ा, केला और विभिन्न ऋतुफल पूर्णतः औषधीय गुणों से भरपूर हैं। यह व्रत पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता का भी संदेश देता है। माता सीता की जन्मस्थली और पूर्व दिशा की स्थिति के कारण बिहार और देश के कोने-कोने में इस पर्व की विशेष महत्ता है। श्रद्धा और विश्वास के साथ किया जाने वाला यह व्रत मनुष्य के समस्त विकारों का नाश कर जीवन में सुख-समृद्धि और मनोवांछित फल प्रदान करता है।



