रक्सौल।अनिल कुमार।शहर एवं आसपास के विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम नागमणि वर्मा, डीएसपी मनीष आनंद, नगर परिषद के ईओ डॉ. मनीष कुमार, रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश महतो एवं हरैया थानाध्यक्ष किशन पासवान ने घाटों का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर चल रहे साफ-सफाई कार्य, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा ने बताया कि छठ घाटों की साफ-सफाई का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने घाटों पर महिलाओं एवं पुरुषों के लिए कपड़ा बदलने हेतु चेंजिंग रूम बनाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। ऐसे में साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय रहते पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया।
फोटो -छठ घाटों की सफाई व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा, चेंजिंग रूम बनाने का निर्देश



