Bettiah, रवि कुमार मिश्रा।
पश्चिम चंपारण अंतर्गत शिकारपुर थाना क्षेत्र के ननकार मोतिहारी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक उर्वरक निरीक्षक को जहर देकर जान से मारने की नीयत से गंभीर रूप से घायल कर देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की पहचान रखइ चम्पापुर पंचायत के मोतिहारी गांव के ही रहने वाले 24 वर्षीय सुधांशु कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने आनन-फानन में उसे नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया है। वही सूचना पर पहुचीं शिकारपूर पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है। घटना के संबंध में पीड़ित सुधांशु कुमार ने पुलिस को बताया कि वह संध्या के समय अपने खेत की तरफ टहलने गया था। वहां पहले से ही घात लगाए गांव के चार पड़ोसियों ने उस पर हमला कर दिया। और फिर जबरन पकड़कर स्टिंग की बोतल में मिलाकर जहर पिला दिया। जब वह दर्द से छटपटाने लगा, तो सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के खेत में मौजूद अन्य लोगों की नजर जब उस पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। अस्पताल पहुचे पीड़ित के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सुधांशु का हाल ही में फर्टीलाइजर इंस्पेक्टर के पद पर चयन हुआ था और उसने एक सप्ताह पूर्व ही रांची में योगदान दिया था। 5 तारीख को उसे वापस रांची जाना था। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसियों से उनकी काफी समय से पुरानी रंजिश चल रही है। बेटे के चयन और ज्वॉइनिंग लेटर आने के बाद से ही आरोपी पक्ष के लोग काफी ईर्ष्या रख रहे थे। इसी रंजिश के तहत साजिश रचकर बेटे को जान से मारने की नीयत से जहर दिया गया है। वही अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अबरार आलम ने बताया कि मामला जहरखुरानी का प्रतीत हो रहा है। मरीज का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है, लेकिन उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिसके कारण उसे बेतिया जीएमसीएच रेफर किया गया है।घटना की सूचना मिलने के बाद शिकारपूर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित और उसके परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



