Bettiah, रवि कुमार मिश्रा
बेतिया के नरकटियागंज में दुर्गा पूजा उत्सव को सुरक्षित, शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को अनुमंडल अग्निशामालय नरकटियागंज द्वारा क्षेत्र के गोपाला ब्रह्मा स्थान, भसुरारी, डीके शिकारपूर, सब्जी मंडी समेत विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ पूजा पंडालों में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी अनुमंडल अग्निशामक पदाधिकारी अखिलेश कुमार सिंह ने की। बैठक में पंडालों में अग्निसुरक्षा के कड़े मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में जरा सी लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकती है। इसलिए सभी समितियों को सुरक्षात्मक कदम उठाने होंगे। पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए पर्याप्त चौड़ाई वाले अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएं। बिजली की वायरिंग पूरी तरह सुरक्षित हो और प्रत्येक पंडाल में अनिवार्य रूप से मेन स्विच बोर्ड लगाया जाए। पंडाल निर्माण और सजावट में अत्यधिक ज्वलनशील सामग्रियों के प्रयोग से बचा जाए। सभी पूजा पंडालों में पर्याप्त मात्रा में बालू, पानी और अग्निशामक यंत्र की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। विभाग ने स्पष्ट किया कि 10 दिवसीय आयोजन के दौरान अग्निशमन टीम 24 घंटे मुस्तैद रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 101, 112 तथा स्थानीय अग्निशमन नंबर 06253242010, 7485805809 जारी किए हैं। बैठक में सहायक अग्निशमन पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, अग्नि चालक राज कुमार, अग्निक विकास कुमार, बिजली विभाग के कर्मचारी तथा पूजा समितियों के प्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूजा समितियों ने दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।



