19 एवं 20 नवंबर को खेल भवन में होगा अंतर प्रमंडलीय मुकाबला, नौ प्रमंडलों के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
देशवाणी।
बेतिया। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं जिला प्रशासन पश्चिम चम्पारण के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिक खेल कार्यक्रम के तहत 19 एवं 20 नवंबर 2026 को राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय सेपकटाकरा खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन, बेतिया में होगी। इसके सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
नौ प्रमंडलों के खिलाड़ी दिखाएंगे खेल कौशल
इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न प्रमंडलों के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। तिरहुत, पटना, कोसी, मुंगेर, सारण, पूर्णिया, मगध, दरभंगा एवं भागलपुर समेत नौ प्रमंडलों तथा एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के लगभग 150 खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है।
तकनीकी पदाधिकारियों की हुई प्रतिनियुक्ति
प्रतियोगिता के सफल संचालन एवं तकनीकी व्यवस्था के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना की ओर से आठ तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। ये पदाधिकारी पटना, वैशाली, पूर्वी चम्पारण सहित विभिन्न जिलों से पहुंचेंगे।
डीडीसी ने दिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश
प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने सिविल सर्जन को आयोजन स्थल पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम एवं प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं नगर आयुक्त, नगर निगम, बेतिया को साफ-सफाई, पेयजल एवं फॉगिंग की व्यवस्था करने तथा अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा। जिला शिक्षा पदाधिकारी को स्वागत गान की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
प्रतियोगिता के दौरान प्राप्त होने वाले परिवादों की सुनवाई के लिए जूरी ऑफ अपील समिति का भी गठन किया गया है।
खेल कोर्ट और खिलाड़ियों के आवासन की व्यवस्था पूरी
इस संबंध में प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन के मैदान के समीप सेपकटाकरा कोर्ट का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के आवासन के लिए भी खेल भवन परिसर में समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन 19 नवंबर 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन, बेतिया में जिला प्रशासन की ओर से किया जाएगा।



