टीका लगवाने में आनाकानी पर स्वास्थ्य विभाग सख्त, अब घर-घर जाकर मनाएगी विशेष टीम
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। प्रखंड में नियमित टीकाकरण से वंचित बच्चों को अभियान से जोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष पहल शुरू की है। इसके तहत ऐसे बच्चों और परिवारों को चिह्नित कर जागरूक किया जाएगा। प्रखंड के विभिन्न गांवों में करीब 300 परिवार ऐसे हैं, जिनके बच्चे अब तक नियमित टीकाकरण से वंचित हैं। वहीं, साठी पंचायत के धांगड़टोली में टीकाकरण को लेकर 500 परिवारों की झिझक भी सामने आई है।
गुरुवार को सीएचसी लौरिया में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रोशन कुमार की अध्यक्षता में अंतरविभागीय बैठक हुई। इसमें नियमित टीकाकरण और जीरो डोज पोलियो अभियान की समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने की रणनीति बनाई गई। निर्णय लिया गया कि टीका लेने से इन्कार करने वाले परिवारों से विशेष टीम सीधे संपर्क करेगी और उन्हें टीकाकरण के फायदे बताएगी।
बीडीओ ने सीडीपीओ, बीपीआरओ, बीडब्ल्यूओ और बीईओ को अपने स्तर से जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों, विकास मित्रों और स्कूली किशोर-किशोरियों की भी मदद ली जाएगी।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोशन कुमार ने स्वास्थ्यकर्मियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाले कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। बैठक में अस्पताल प्रबंधक राहुल कुमार, बीसीएम रीना मोदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।



