मोतिहारी। छठ महापर्व के अवसर पर सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ बापूधाम मोतिहारी की ओर से 12 नवंबर को इकौना मठ में सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्लब की सदस्यों ने 101 श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच छठ पूजा सामग्री का वितरण किया।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने छठ घाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, घाट की सुंदरता और पवित्रता को बढ़ाने के उद्देश्य से दीप प्रज्वलित किए गए। इस पहल के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, प्रकृति संरक्षण और सामूहिक सामाजिक सहभागिता के प्रति जागरूक किया गया।
क्लब की संस्थापक रंजिता गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता, अनुशासन और सामूहिक सहयोग की प्रेरणा देता है। त्योहारों का वास्तविक महत्व तभी है, जब हम अपनी खुशियों के साथ समाज और पर्यावरण के प्रति भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
कार्यक्रम का समन्वय एवं संचालन मीरा सिंह, रागिनी सिंह और रंजिता गुप्ता ने किया। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष आरती वर्मा, सचिव मणि प्रियंका, पूर्व अध्यक्ष डॉ. प्रिया प्रसाद, पूर्व अध्यक्ष धीरा गुप्ता, कोषाध्यक्ष रितु कुमार, उपाध्यक्ष रिंकी जायसवाल, आईएसओ नेहा नूपुर सहित शीला गुप्ता, प्रियंका सरकार, कुमकुम शुक्ला, मनीषा गौरव, माला श्रीवास्तव एवं पंखुरी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे सामाजिक प्रयासों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।



