HomeBIHARमोतिहारीपैक्स अध्यक्षों ने धान खरीद की समस्याएं उठाईं

पैक्स अध्यक्षों ने धान खरीद की समस्याएं उठाईं

-बीडीओ को 10 सूत्री मांग पत्र सौंपा, भुगतान और मिलिंग चार्ज से जुड़ी मांगें रखीं

फोटो : ज्ञापन सौपते सभी पैक्स अध्यक्ष

माला सिन्हा

पीपराकोठी : प्रखंड के सभी पैक्स अध्यक्षों ने धान खरीद से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बुधवार को 10 सूत्री मांग पत्र सौंपा. प्रखंड पैक्स संघ के अध्यक्ष हरिवंश कुमार सिंह उर्फ अखिलेश सिंह ने इसका नेतृत्व किया. बीडीओ की गैरमौजूदगी में प्रधान सहायक धर्मवीर चौधरी ने मांग पत्र लिया. पैक्स अध्यक्षों ने धान खरीद वर्ष 2025-26 में समितियों को हुई आर्थिक परेशानियों और अगली खरीद में आने वाली दिक्कतों को दूर करने की मांग की. उन्होंने कहा कि राज्य खाद्य निगम से चावल का भुगतान समय पर नहीं होने के कारण समितियों पर जो अतिरिक्त ब्याज पड़ा है, उसका भुगतान सरकार या संबंधित विभाग करे. मांग पत्र में पैक्स एवं व्यापार मंडलों, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक और राज्य खाद्य निगम के बीच पहले की तरह त्रिपक्षीय समझौता कराने की मांग की गई. मिल टैगिंग में पैक्सों को स्वायत्तता देने और समितियों की सहमति से मिल चुनने की बात भी कही गई. पैक्स अध्यक्षों ने मिलरों की ओर से लिए जा रहे 100 रुपए प्रति क्विंटल मिलिंग चार्ज पर रोक लगाने की मांग की। धान की कटौती के नाम पर प्रति क्विंटल 3 से 10 किलोग्राम तक की जा रही कटौती बंद करने को भी कहा. उन्होंने प्रबंधकीय अनुदान मद में 60 रुपए प्रति क्विंटल और गन्नी बैग मद में 100 रुपए प्रति क्विंटल भुगतान सुनिश्चित करने की मांग रखी. पीएफएमएस के जरिए भुगतान के साथ राज्य खाद्य निगम से एसटीआर जारी करने और चावल की सप्लाई के 72 घंटे के भीतर भुगतान करने को कहा. मांग पत्र में समितियों का खरीद लक्ष्य डीईओ कार्यालय से मिले उत्पादन प्रतिवेदन के अनुसार तय करने की बात कही गई. सीएमआर संग्रहण केंद्र का संचालन बिहार राज्य खाद्य निगम से कराने और मिल टैगिंग व एकरारनामा की प्रक्रिया खरीद शुरू होने से पहले पूरी करने की मांग भी शामिल है. पैक्स अध्यक्षों ने कहा कि इससे समितियों पर अतिरिक्त ब्याज का बोझ नहीं पड़ेगा. इस मौके पर पैक्स अध्यक्ष राजेश प्रसाद कुशवाहा, अजय पांडेय, अरविंद शर्मा, हरिकिशोर प्रसाद और मोख्तार आलम मौजूद थे.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular