सिसवनिया पूर्व टोला बाजार के पास हादसा,दोनों बेतिया रेफर; राहगीरों में दहशत।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। लौरिया-बगहा मुख्य पथ एनएच-727 पर सिसवनिया पूर्व टोला बाजार के समीप सोमवार शाम तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एनएचआई की एंबुलेंस से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लौरिया पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक डॉ. जितेंद्र काजी ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान चौतरवा थाना क्षेत्र के सिसवा बसंतपुर निवासी किशोरी राम के 25 वर्षीय पुत्र विनय कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में नगर पंचायत लौरिया के पड़रौन निवासी संजय साह के 25 वर्षीय पुत्र विकास कुमार और चौतरवा थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी अरविंद ठाकुर के पुत्र गोलू कुमार शामिल हैं।
दोनों बाइक जब्त, जांच में जुटी पुलिस
लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि हादसे के बाद दोनों बाइकों को जब्त कर थाने लाया गया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
लगातार हादसों से बढ़ी चिंता
एनएच-727 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दो माह में ही इस मार्ग पर हुए अलग-अलग सड़क हादसों में करीब एक दर्जन लोगों की जान जा चुकी है। लोगों का कहना है कि हादसों को देखते हुए एनएच पर डिवाइडर का निर्माण और यातायात सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम जरूरी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।



