देश वाणी | नौशाद अहमद | लौरिया
लौरिया। एनएच-727 पर जिरिया बंगाली माई स्थान के समीप बुधवार को हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीन युवकों के परिजनों को गुरुवार को सरकारी सहायता राशि दी गई। राजस्व अधिकारी राहुल कुमार अग्रवाल ने मृतकों के घर पहुंचकर उनके परिजनों को चार-चार लाख रुपये के चेक सौंपे। तीनों परिवारों को कुल 12 लाख रुपये की सहायता राशि मिली। इस दौरान जिला पार्षद प्रतिनिधि मैनेजर यादव भी मौजूद रहे।
सरकारी प्रावधान के तहत दी गई सहायता
अंचल अधिकारी आशु रंजन ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मृतकों के आश्रितों को तत्काल राहत देने के लिए सरकारी प्रावधान के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। चेक मिलने के दौरान मृतकों के परिजन भावुक हो गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे
मृतकों की पहचान मौलानगर-जवाहिरपुर निवासी नथुनी मियां के 20 वर्षीय पुत्र याकुब मियां, दिलजान मियां के 22 वर्षीय पुत्र शाहिल मियां और रामबालक साह के पुत्र सुंदर साह के रूप में हुई है। तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे। याकुब मियां और शाहिल मियां चचेरे भाई थे। तीनों अपने-अपने परिवार के छोटे पुत्र थे। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, बुधवार को तीनों युवक बाइक से बेतिया की ओर से लौरिया आ रहे थे। जिरिया बंगाली माई स्थान के समीप तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की मदद से तीनों को लौरिया सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया। बेतिया पहुंचते ही तीनों की मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों से मिले अधिकारी
हादसे की सूचना मिलने के बाद बुधवार शाम अंचल अधिकारी आशु रंजन, राजस्व अधिकारी राहुल कुमार अग्रवाल और थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान मृतकों के घर पहुंचे थे। अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया था।
अज्ञात ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।



