पंचायत सरकार भवन और अंचल कार्यालय में जमा कर सकते हैं आवेदन, ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
देश वाणी।Bettiah।अवधेश कुमार शर्मा।
बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिले में अभियान बसेरा के तहत संभावित वासभूमिहीन लाभुकों से आवेदन प्राप्त करने के लिए सभी पंचायत सरकार भवनों एवं अंचल कार्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश एवं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुपालन में जिला प्रशासन ने यह अभियान शुरू किया है।
जिला पदाधिकारी पश्चिम चम्पारण तरनजोत सिंह के निर्देश पर शिविरों की निगरानी और सफल संचालन के लिए जिला स्तरीय पदाधिकारियों को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। नोडल पदाधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचकर शिविरों का निरीक्षण कर रहे हैं और आवेदन प्राप्ति समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
चनपटिया में अपर समाहर्ता ने किया निरीक्षण
इसी क्रम में अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा ने चनपटिया प्रखंड में संचालित शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने संभावित वासभूमिहीन लाभुकों से आवेदन लेने की प्रक्रिया, आवेदन पंजी के संधारण और प्रत्येक आवेदक को आवेदन संख्या एवं प्राप्ति तिथि के साथ पावती देने की व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि अभियान बसेरा के तहत पात्र एवं संभावित लाभुकों से अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त किए जाएं। प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
ऑनलाइन आवेदन के लिए भी किया जा रहा प्रोत्साहित
प्रशासन की ओर से लाभुकों को बिहारभूमि पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवेदन जमा करने के लिए संभावित लाभुकों को पटना स्थित राज्य मुख्यालय जाने की जरूरत नहीं है।
लाभुक अपने पंचायत सरकार भवन या संबंधित अंचल कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके अलावा वे अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
30 सितंबर तक चलेगा जमाबंदी अद्यतीकरण और नामांतरण-उत्तराधिकार का कार्य
जिले में जमाबंदी अद्यतीकरण एवं नामांतरण-उत्तराधिकार से संबंधित कार्य भी जारी है, जिसकी निर्धारित समय-सीमा 30 सितंबर 2026 तक है।
जिला प्रशासन के अनुसार, विभिन्न क्षेत्रों में नामित नोडल पदाधिकारियों द्वारा शिविरों का नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अभियान बसेरा के तहत पात्र वासभूमिहीन परिवारों को नियमानुसार वासभूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाना है।



