Bettiah | नौशाद अहमद |
एक घायल को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया किया गया रेफर।
लौरिया। बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर मुन्ना मोटानी मंदिर के समीप रविवार को अचानक सड़क पर आई नीलगाय से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लौरिया पहुंचाया।
सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. कौशल किशोर ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर चोट को देखते हुए राजा कुमार को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया। वहीं सुजीत कुमार का उपचार सीएचसी में किया गया।
घायलों की पहचान साठी थाना क्षेत्र के साठी गांव निवासी शंभू राम के 20 वर्षीय पुत्र राजा कुमार और बुधई राम के 19 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। दोनों युवक एक ही हीरो स्प्लेंडर बाइक से शनिचरी से अपने घर साठी लौट रहे थे। इसी दौरान मुन्ना मोटानी मंदिर के पास अचानक नीलगाय सड़क पर आ गई। बाइक नीलगाय से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए।
घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मामले की जानकारी ली।



