HomeBIHARबेतियानेपाल की बारिश से नदियों में उफान की आशंका, लौरिया प्रशासन ने...

नेपाल की बारिश से नदियों में उफान की आशंका, लौरिया प्रशासन ने बढ़ाई चौकसी

मसान, बलोर और सिकरहना नदी के तटबंधों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण।

माइकिंग कर ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क।

देश वाणी। लौरिया।

नेपाल में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के कारण नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए लौरिया प्रशासन ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। वाल्मीकिनगर बराज में पानी का दबाव बढ़ने की सूचना के बाद नदी किनारे बसे गांवों और संवेदनशील इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है।

बुधवार को बीडीओ संजीव कुमार और सीओ आशु रंजन और प्रखंड प्रमुख शम्भू तिवारी ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न नदी तटों और तटबंधों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तेलपुर के समीप मसान नदी, मटियारिया में बलोर नदी तथा सिकरहना नदी के किनारे पहुंचकर जलस्तर और तटबंधों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान सीतापुर, तेलपुर, मटियारिया समेत निचले इलाकों की भी जानकारी ली गई।

अधिकारियों ने बताया कि नेपाल में बारिश जारी रहने की स्थिति में नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि हो सकती है। इसे देखते हुए प्रशासनिक और आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। तटबंधों पर लगातार निगरानी रखने के साथ संवेदनशील स्थानों की स्थिति की रिपोर्ट लेने को कहा गया है।

कंट्रोल रूम से रखी जा रही नजर

संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अंचल स्तर पर कंट्रोल रूम को सक्रिय किया गया है। यहां से प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने के लिए संबंधित कर्मियों को तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।

माइकिंग से ग्रामीणों को चेतावनी

नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को माइकिंग के माध्यम से सावधान किया जा रहा है। ग्रामीणों से सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने, बच्चों को नदी के आसपास नहीं जाने देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जलस्तर में किसी भी बदलाव की सूचना मिलते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular