Motihari | दिलीप दुबे|
मोतिहारी। नगर निगम क्षेत्र के मिशन चौक के समीप पकड़ीदयाल-मधुबनी घाट मुख्य सड़क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। आलम यह है कि महज हल्की सी बारिश होते ही यह मुख्य सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह विकराल समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
पतौरा निवासी प्रभाकर कुमार ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है, पूर्व की बारिशों में भी यही मंजर देखने को मिलता रहा है। बीते सोमवार शाम को महज घंटे भर हुई बारिश ने एक बार फिर निगम के दावों की पोल खोल दी। सड़क पर करीब डेढ़ से दो फुट तक जलजमाव हो गया, जिससे स्थिति बेहद नारकीय बन गई।
गड्ढों में तब्दील हुई सड़क, हर वक्त हादसे का डर
जलभराव के कारण मुख्य सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे दिखाई नहीं देते। इसके चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। पानी के कारण अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा अक्सर यहां पलट जाते हैं। दोपहिया और तीन पहिया वाहन चालक इन छिपे हुए गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सड़क का दाहिना हिस्सा कच्चा होने के कारण भारी वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं। इसके बाद सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग जाती हैं और लोग घंटों जाम में जूझते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पथ निर्माण विभाग की उदासीनता के कारण सूखे के दिनों में भी इन जानलेवा गड्ढों को भरने की जहमत नहीं उठाई जाती। हल्की बारिश भी यहां के लिए आफत बन जाती है। स्थानीय जनता और राहगीरों ने जिला प्रशासन व नगर निगम प्रशासन से गुहार लगाई है कि जलजमाव की इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए और सड़क की अविलंब मरम्मत कराकर लोगों को इस नारकीय स्थिति से मुक्ति दिलाई जाए।












