*सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर पुलिस की रहेगी नजर, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
रक्सौल।अनिल कुमार। दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को हरैया थाना परिसर स्थित सभागार में शांति समिति की बैठक हुई। थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ पर्व के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर लोग तत्काल पुलिस को जानकारी दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों को भी चेतावनी दी। फेसबुक, यूट्यूब और व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट साझा करने डिजे बजाने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और न ही बिना पुष्टि किए उसे आगे प्रसारित करें।
थानाध्यक्ष ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और सामाजिक सद्भाव का पर्व है। इसे सभी समुदाय के लोग आपसी भाईचारे, प्रेम और सहयोग के साथ मनाएं। उन्होंने पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में वार्ड पार्षद जितेन्द्र कुमार दत्ता, वीरेन्द्र प्रसाद, भुनेश्वर तिवारी, अमरजीत चौरसिया, राहुल कुमार चौरसिया, सनोज यादव, मुकेश दास, अमूलाह मियां, रंजीत साह, रामबाबू यादव, अब्बास मियां सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
फोटो -हरैया थाना में शांति समिति की बैठक, दुर्गा पूजा में डीजे बजाने पर रोक



