*अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद के नेतृत्व में विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
रक्सौल।अनिल कुमार। शहर में लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में रविवार को नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित दुकानों को हटाया गया। साथ ही दुकानदारों एवं ई-रिक्शा चालकों को सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
प्रशासन की टीम ने शहर के कौड़िहार चौक, कोइरिया टोला नहर चौक सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर कार्रवाई की। इन स्थानों पर सड़क किनारे दुकानें लगाए जाने और ई-रिक्शा खड़े किए जाने से आवागमन प्रभावित होने की समस्या को देखते हुए अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को सड़क की सीमा से बाहर दुकान लगाने तथा ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करने का निर्देश दिया।
जाम की समस्या दूर करना प्रशासन की प्राथमिकता
अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के अवसर पर शहर में श्रद्धालुओं एवं आम लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सड़कों पर अतिक्रमण रहने से जाम की समस्या गंभीर हो सकती है। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि पूजा के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो और बाजारों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
निर्देशों की अनदेखी करने पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने दुकानदारों एवं ई-रिक्शा चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित नहीं करें। दुकानें सड़क से अलग लगाएं और ई-रिक्शा को भी इस प्रकार खड़ा करें कि आम लोगों तथा अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्देशों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने और दुर्गा पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है। अभियान में थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो सहित पुलिस बल के जवान शामिल रहे।



