HomeBIHARमोतिहारी में दोस्ती की आखिरी फिल्म: खुशी के सफर पर निकले दो...

मोतिहारी में दोस्ती की आखिरी फिल्म: खुशी के सफर पर निकले दो दोस्तों की मौत से गांव में पसरा मातम, अधूरी रह गई शादी की शहनाई

देशवाणी। आशा कुमारी 

मोतिहारी। 
हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट स्थित धर्मकांटा के पास रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो हंसते-खेलते घरों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और धान लदी ट्रैक्टर की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। इस हादसे के बाद पूरे सेवराहा गांव में मातम पसरा हुआ है।
जो सफर फिल्म देखने की खुशी में शुरू हुआ था, उसका अंत इतना दर्दनाक होगा, किसी ने सोचा भी नहीं था।
ऐसे हुआ हादसा
बताया जाता है कि मानिकपुर हसुआहा निवासी आदित्य कुमार सिंह शाम को अपनी बाइक से अपने दोस्त मनु कुमार सिंह ऊर्फ अंकित के सेवराहा स्थित CSP सेंटर पर आए थे। वहां शुभम कुमार और एक अन्य दोस्त भी मौजूद थे। चारों दोस्तों ने साथ में मोतिहारी में फिल्म देखने का प्लान बनाया। हंसी-मजाक करते हुए नाश्ता-पानी किया और मनु की स्कॉर्पियो से फिल्म देखने निकल पड़े। लेकिन गायघाट चौक से कुछ ही आगे धर्मकांटा के पास धान की बोरी लदी ट्रैक्टर से उनकी गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग दहल गए।
दो मिनट में पहुंची पुलिस, लेकिन नहीं बचा सकी दो जानें
घटना की सूचना पर हरसिद्धि थाने की डायल 112 की टीम महज दो मिनट में मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत चारों युवकों को क्षतिग्रस्त गाड़ी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मनु कुमार सिंह और शुभम कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आदित्य कुमार सिंह को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। चौथे घायल युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
अधूरी रह गई शादी, पिता का टूटा सहारा
मृतकों में चड़रहिया पंचायत के पूर्व मुखिया मुरारी सिंह के पुत्र मनु कुमार सिंह और सेवराहा निवासी अजय सिंह के पुत्र शुभम कुमार शामिल हैं। मनु की शादी हाल ही में पश्चिम चंपारण में तय हुई थी। घर में शहनाई बजने की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अब घर में चीख-पुकार मची है। बेटे के शव को देख पूर्व मुखिया मुरारी सिंह स्तब्ध हैं, उनकी आंखों के आंसू थम नहीं रहे। शुभम के घर का भी यही हाल है, जवान बेटे की मौत से पूरा गांव गमगीन है।
मानिकपुर हसुआहा की मुखिया कस्तूरी खान सहित पूरे गांव ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि रात में ही दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular