Homeबिहारमोतिहारीश्रावणी मेला की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व व्यवस्थाओं...

श्रावणी मेला की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

-

देश वाणी – विवेक शर्मा 

अरेराज। आगामी श्रावणी मेला को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को अरेराज स्थित बाबा सोमेश्वरनाथ मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को पूरी तरह व्यवस्थित रखा जाए। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि दर्शन के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही एक केंद्रीय सूचना केंद्र स्थापित करने को कहा, जहां से आवश्यक सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान किया जा सके। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक वस्तु की सूचना मिलते ही तत्काल वरीय अधिकारियों को अवगत कराने एवं सूचना केंद्र के माध्यम से आवश्यक सूचना प्रसारित करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में मेडिकल टीम की तैनाती की जाए। मेडिकल टीम के पास आवश्यक दवाइयों एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित रहे तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस भी हर समय तैयार रहे।

निरीक्षण के क्रम में बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी चिन्हित स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने तथा सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि श्रावणी मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Related articles

Bihar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts