HomeBIHARमोतिहारीभाजपा का 'सेवा संकल्प अभियान' 17 सितंबर से, तैयारियों की सांसद ने...

भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से, तैयारियों की सांसद ने की समीक्षा

-13 प्रमुख कार्यक्रमों से जुड़ेगा जन-जन

देश वाणी। दिलीप दुबे

मोतिहारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को मोतिहारी सर्किट हाउस सभागार में भाजपा जिला पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई। सांसद ने बताया कि एक माह तक चलने वाले इस महाअभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है, जिसमें कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के प्रमुख 13 राष्ट्रीय एवं स्थानीय कार्यक्रम

प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की जनसेवा और ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के लिए जिले में कुल 13 प्रमुख राष्ट्रीय एवं स्थानीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें 17 सितंबर की शाम प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना हेतु प्रत्येक बूथ और परिवार स्तर पर दीप प्रज्वलन का ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, युवा मोर्चा के नेतृत्व में विशाल ‘महा-रक्तदान शिविर’, प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के कार्यों की अनसुनी कहानियों का प्रसार करने वाली ‘नमो सेवा गाथा’, और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सफलताओं को सामने लाने वाली ‘कहानी बदलाव की’ शामिल हैं। साथ ही, नागरिकों को 25 विभिन्न सेवा गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने वाला ‘सेवा मेरा योगदान’, स्कूली छात्रों के लिए चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताओं का ‘सपनों का भारत’, वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का ‘विकसित भारत जन संकल्प’, तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वास्थ्य और पोषण पर संवाद हेतु ‘आंगन मिलन सेवा एवं मातृ संवाद’ आयोजित होगा। इसके अतिरिक्त, युवा कार्यकर्ताओं द्वारा सात राज्यों से गुजरने वाली ‘वड़नगर से वाराणसी सेवा यात्रा’, गांव-जिला स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने वाली ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, प्राकृतिक सामग्रियों से सजी 108 मीटर लंबी ‘रंगोली राष्ट्र’, युवा इनोवेटर्स के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’, और पंचायत से संसद तक के जनप्रतिनिधियों का भव्य समागम व सामूहिक वंदे मातरम् गान वाला ‘सुशासन सेवा संवाद – जन सेवा महाकुंभ’ भी इस अभियान का मुख्य हिस्सा रहेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular