HomeUncategorizedबिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में सगी बहनों का कमाल, काव्या और मुस्कान...

बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में सगी बहनों का कमाल, काव्या और मुस्कान ने जीते गोल्ड मेडल

देश वाणी । दिलीप दुबे

मोतिहारी। पटना के बिक्रम स्थित साकेत सिंह शूटिंग एकेडमी में आयोजित 36वीं बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप कॉम्पीटिशन-2026 में मोतिहारी की दो सगी बहनों ने अपनी अचूक निशानेबाजी से जिले और राज्य का नाम पूरे देश में रोशन किया है। 19 से 22 जून तक चली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के राइफल 50 मीटर शूटिंग चैंपियनशिप (सीनियर एवं जूनियर वर्ग) में दोनों बहनों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की बौछार कर दी।

प्रतियोगिता में मधुबन छावनी मोहल्ला निवासी स्वास्थ्यकर्मी संजय यादव की पुत्री काव्या कुमारी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 50 मीटर थ्री पोजीशन में पहला स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने 50 मीटर प्रोन इवेंट में दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल पर भी कब्जा जमाया।

वहीं, काव्या की सगी बहन मुस्कान कुमारी ने भी बेहतरीन प्रदर्शन की कमान संभाले रखी और 50 मीटर प्रोन स्पर्धा में पहला स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीता। दोनों बहनों की इस दोहरी स्वर्णिम सफलता से खेल प्रेमियों सहित पूरे जिलेवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

यह कोई पहला मौका नहीं है जब इन दोनों बहनों ने अपनी प्रतिभा दिखाई हो। इससे पूर्व भी दोनों बहनें राज्य स्तरीय और प्री-नेशनल प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा का लगातार प्रदर्शन करती आ रही हैं।

दोनों बहनें विद्यानंद शूटिंग एकेडमी, सीवान में नियमित रूप से कड़ा अभ्यास करती हैं। उनकी इस सफलता के पीछे उनके कोच एवं प्रबंधक चन्द्र प्रकाश गिरी, साथ ही वृत्तांत गिरी, लव कुमार तथा अनुराग कुमार का विशेष मार्गदर्शन और भरपूर सहयोग रहा है।

बेटियों की इस ऐतिहासिक जीत पर पूर्व विधायक सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष प्रियंका जायसवाल, दादा ब्रह्मदेव राय, रूपेश कुमार अकेला, पप्पू जायसवाल, अश्वनी सिन्हा, मंजीत कुमार, सुनील यादव, उमेश यादव, रोटरी अध्यक्ष पंकज पांडेय, राजू सराफ सहित समस्त जिलावासियों और मित्रगणों ने खुशी जाहिर की है। सभी ने दोनों बहनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular