देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
दीपावली पर जहां लोग अपने परिवार के साथ खुशियां मना रहे थे, वहीं आम लोगों की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी घर-परिवार से दूर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे। त्योहार के मौके पर ड्यूटी के कारण छुट्टी नहीं मिलने पर हरसिद्धि थाने की महिला पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने थाना परिसर में ही दीपावली मनाई। इस दौरान उन्होंने रंगोली सजाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
थाना परिसर में पीएसआई शिखा कुमारी, दरोगा नेहा वर्षा, दरोगा सिराज आलम और महिला सिपाही ब्यूटी कुमारी ने मिलकर आकर्षक रंगोली बनाई। रंग-बिरंगे रंगों से सजी रंगोली ने थाना परिसर को उत्सवी माहौल में बदल दिया। सभी ने आपसी सहयोग और उत्साह के साथ त्योहार मनाया। साथ ही क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इस मौके पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए त्योहारों में भी ड्यूटी से छुट्टी मिलना आसान नहीं होता। जब लोग अपने घरों में दीप जलाकर परिवार के साथ त्योहार मनाते हैं, तब पुलिसकर्मी उनकी सुरक्षा में सड़कों और थानों पर तैनात रहते हैं। ऐसे में घर से दूर रहकर अपने साथियों के बीच त्योहार मनाना भी खुशियां साझा करने का एक अच्छा माध्यम है।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी के साथ-साथ आपसी सहयोग और अपनापन बनाए रखते हुए हर परिस्थिति में खुशियां बांट सकते हैं। हरसिद्धि थाने में महिला पुलिसकर्मियों की इस पहल ने यह संदेश दिया कि कर्तव्य निभाने के दौरान भी उत्साह और सामूहिक प्रयास से त्योहार की रौनक बरकरार रखी जा सकती है।



