-जीवन रक्षक शिक्षा से संबंधित खोज-बचाव , मॉक ड्रिल के जरिए मजबूत हो रही आपदा से निपटने की क्षमता
फोटो : प्रशिक्षण में मौजूद प्रतिभागी व अधिकारी
माला सिन्हा
पीपराकोठी : आपदा की घड़ी में समुदाय की पहली पंक्ति में खड़े होकर जीवन बचाने वाले आपदा मित्र स्वयंसेवकों को और दक्ष बनाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण केंद्र, पिपराकोठी में दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ हुआ. सेल्सफोर्स के सहयोग से बाल रक्षा भारत (सेव द चिल्ड्रेन) एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यशाला “जलवायु-स्मार्ट एवं आपदा-रोधी समुदाय परियोजना” का हिस्सा है. कार्यशाला का उद्घाटन प्रभारी पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन एवं सीनियर डिप्टी कलेक्टर विकास कुमार, एसडीआरएफ टीम लीडर कृष्ण कुमार, आपदा प्रबंधन के प्रोग्रामर इंजीनियर गोविंद, सदर अस्पताल के डॉ. मुकेश कुशवाहा, डॉ. शफी इमाम तथा बाल रक्षा भारत के असीम मंडल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. 26 एवं 27 अक्टूबर तक चलने वाली कार्यशाला का मुख्य विषय “जीवन रक्षक शिक्षा एवं कार्यक्रम संचालन” है। इसमें प्राथमिक उपचार, सीपीआर, खोज एवं बचाव, सुरक्षित निकासी, आश्रय प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया और समुदाय के साथ प्रभावी समन्वय का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. आपदा प्रभारी विकास कुमार ने कहा कि बाल रक्षा भारत एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से मोतिहारी प्रखंड के 20 गांवों और 40 विद्यालयों में आपदा पूर्व तैयारी तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. प्रशिक्षित आपदा मित्र गांवों और विद्यालयों में बच्चों, शिक्षकों एवं समुदाय को आपदा से बचाव के लिए जागरूक और प्रशिक्षित करेंगे. सदर अस्पताल की टीम ने प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर का मॉक ड्रिल कराया, जबकि एसडीआरएफ ने खोज-बचाव और आश्रय प्रबंधन का व्यावहारिक अभ्यास कराया. प्रशिक्षण में बाढ़ और भूकंप जैसी आपदाओं के दौरान त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया पर विशेष जोर दिया गया.



