बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष ने किया निरीक्षण
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लौरिया प्रशासन ने पूजा पंडालों की व्यवस्था का जायजा लेना शुरू कर दिया है। गुरुवार शाम बीडीओ संजीव कुमार, सीओ आशु रंजन और थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पूजा समितियों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम पहले से दुरुस्त रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान पंडालों की बनावट, आसपास की जगह और लोगों के आने-जाने के रास्तों की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि पंडाल के आसपास पर्याप्त खाली जगह रखी जाए और रास्तों पर किसी तरह की बाधा नहीं हो। इससे जरूरत पड़ने पर अग्निशमन वाहन मौके तक आसानी से पहुंच सकेंगे। आग से बचाव के उपायों को भी प्राथमिकता देने को कहा गया।
अधिकारियों ने कहा कि पंडाल निर्माण और सजावट के दौरान निर्धारित मानकों का ध्यान रखा जाए, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष ने पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों के अनुसार, दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही, आग से बचाव और शांति व्यवस्था बनाए रखना महत्वपूर्ण है। इसके लिए पूजा समितियों को समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा गया।



