Bettiah, रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। क्षेत्र में जमाबंदी अद्यतीकरण और नामांतरण उत्तराधिकारी को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 30 अक्टूबर तक संचालित किया जाना है। इसी बीच बिहार राजस्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार से दो दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के कारण अंचल कार्यालय में राजस्व विभाग से जुड़े कामकाज पूरी तरह प्रभावित होने की संभावना बन गई है, जिससे आम नागरिकों को परिमार्जन, म्यूटेशन, प्रमाण पत्र व अन्य राजस्व भूमि से संबंधित सेवाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हड़ताल में शामिल राजस्व कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगों को लेकर आवाज बुलंद की है। उनकी मुख्य मांगों में में मुख्य रूप से गृह जिले में पदस्थापन की व्यवस्था करना। वर्तमान 1900 ग्रेड पे को बढ़ाकर 2800 रुपये करना। एक कर्मचारी को केवल एक ही हल्का का प्रभार सौंपना।
हल्का भ्रमण के लिए वाहन भत्ता (टीए) की सुविधा उपलब्ध कराना शामिल है।
इस दो दिवसीय हड़ताल में राजस्व कर्मचारी नौशाद हाशमी, अनिल पाल, सूरज कुमार, अनीश कुमार, मनीष कुमार, मोहन यादव, लाला कुमार, रवि कुमार पासवान, दीपक कुमार, सुमित कुमार, सागर कुमार मित्रा और अखिलेश कुमार समेत अन्य कर्मी शामिल रहे। इधर
मामले में अंचल अधिकारी शमन प्रकाश ने बताया कि क्षेत्र में जमाबंदी अद्यतीकरण और नामांतरण उत्तराधिकारी को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच राजस्व कर्मचारी संघ के आह्वान के तहत राजस्व कर्मचारी दो दिनों की हड़ताल पर गए हैं और इस संबंध में कार्यालय को लिखित आवेदन भी सौंपा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर प्रशासनिक स्तर पर चर्चा की जाएगी। वहीं, हड़ताल के चलते अंचल कार्यालय के द्वारा चलाये जा रहे अभियान और दैनिक कार्यों पर असर पड़ने की पूरी आशंका है।



