HomeBIHARमोतिहारीसेवा संकल्प अभियान में बच्चों ने रंगोली व भाषण प्रतियोगिता में दिखाई...

सेवा संकल्प अभियान में बच्चों ने रंगोली व भाषण प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा

फोटो : पीपराकोठी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रमोद कुमार

माला सिन्हा

पीपराकोठी : स्थानीय शिव मंदिर परिसर में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत क्षेत्र के मध्य एवं उच्च विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा एवं विचारों का प्रदर्शन किया. रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों ने आकर्षक रंगों और विभिन्न विषयों पर आधारित कलाकृतियां बनाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया, वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत के निर्माण, देश के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकार जैसे विषयों पर अपने विचार रखे. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रमोद कुमार ने प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विकसित भारत के सपनों को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी. देश के विकास में युवाओं और विद्यार्थियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निश्चित रूप से पूरा किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करती हैं. उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आगे भी इसी तरह रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया. प्रतियोगिता के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया. इसमें प्रथम स्थान श्री परशुराम गिरि हाई स्कूल की नगमा खातून, द्वितीय स्थान मध्य विद्यालय पंडितपुर की रेणु कुमारी तथा तृतीय स्थान माध्यमिक विद्यालय वीरछापरा की गुड़िया कुमारी ने प्राप्त किया. विजेता छात्राओं को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

मौके पर डॉ. हेना चन्द्रा, मुकेश कुमार सिंह, राजू कुमार सिंह, गुंजन जायसवाल, मो. फैयाज, शैलेन्द्र कुमार, चंद्रभूषण, मो. फरियाद अली, गुड्डी कुमारी, विनय किशोर पाण्डेय, रंजन कुमार वर्मा, गौरीशंकर साह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular