जीपीएस के सहारे पुलिस व पीड़ित पहुंचे ट्रेक्टर के पास।
निमुईया मोड़ से रात में चोरी हुआ था वाहन, कोटवा के दो अलग-अलग स्थानों से पुलिस ने की बरामदगी
वाहन चोर गिरोह को पुलिस कर लिया है शिनाख्त, छापेमारी जारी
तस्वीर तुरकौलिया से चोरी गयी ट्रेक्टर कोटवा के कंझीया से बरामद
देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
तुरकौलिया थाना क्षेत्र के निमुईया मोड़ के समीप से चोरी हुआ हार्डवेयर व्यवसायी का ट्रैक्टर-टेलर पुलिस ने सात घंटे के अंदर बरामद कर लिया। ट्रैक्टर में लगे जीपीएस की मदद से पुलिस चोरी हुए वाहन तक पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर को कोटवा थाना क्षेत्र के कंझिया गांव से, जबकि टेलर को रतनपुरा खैरवा टोला से बरामद किया है। मामले में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के सदस्यों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
ट्रैक्टर मालिक मुकेश गुप्ता ने बताया कि वह मूल रूप से मुरारपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने निमुईया मोड़ के समीप जमीन खरीदकर मकान बनाया है, जहां गिट्टी, बालू और सीमेंट का व्यवसाय करते हैं। प्रतिदिन की तरह उन्होंने रात में अपना ट्रैक्टर और टेलर घर के दरवाजे पर खड़ा किया और परिवार के साथ अंदर सोने चले गए। सुबह उठने पर दरवाजे से ट्रैक्टर-टेलर गायब मिला।
इसके बाद उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फुटेज में रात करीब 11:53 बजे ट्रैक्टर और टेलर को वहां से जाते हुए देखा गया। ट्रैक्टर में जीपीएस लगा होने के कारण उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस बल के साथ जीपीएस लोकेशन के आधार पर वे कोटवा थाना क्षेत्र के कंझिया गांव पहुंचे, जहां अवधेश यादव के दरवाजे पर चोरी का ट्रैक्टर खड़ा मिला। हालांकि, वहां ट्रेलर नहीं था।
पुलिस ने ट्रेलर की तलाश जारी रखी। जीपीएस और जांच के आधार पर रतनपुरा खैरवा टोला में छापेमारी की गई, जहां सुगा राय के दरवाजे से चोरी का टेलर भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस जांच में वाहन चोरी गिरोह के सदस्यों की पहचान होने की बात सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए शंकरसरैया परसौना, लक्ष्मीपुर गदरिया, कंझिया और रतनपुरा टोला खैरवा समेत अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि चोरी में शामिल वाहन चोर गिरोह की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



