रक्सौल। अनिल कुमार। भूमि विवाद से संबंधित मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी अंचल अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों ने भाग लिया। अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा ने लंबित भूमि विवाद के मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम ने शनिवार को आयोजित होने वाले न्यायालय में लंबित भूमि विवाद से संबंधित मामलों का नियमानुसार समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने थानाध्यक्षों को न्यायालय से संबंधित भूमि विवाद के मामलों में किए गए स्थल निरीक्षण एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई का प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में अंचल एवं पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अनावश्यक विलंब को रोकने और मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
फोटो -भूमि विवाद के लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश



