रक्सौल। अनिल कुमार। नगर परिषद कार्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में मंगलवार को नगर परिषद सामान्य बोर्ड की बैठक कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पहले से निर्धारित पांच एजेंडा पर चर्चा की गई और शहर के विकास को लेकर आवश्यक योजनाओं को नप बोर्ड के स्वीकृति प्रदान की गई।बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने किया। बैठक में मुख्य रूप से आगामी पर्व-त्योहार को देखते हुए शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को दो पाली में (सुबह-शाम) कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही, बाजार में प्रतिदिन (रविवार सहित) सफाई का कार्य कराने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावे, शहर में लाइट की व्यवस्था को ठीक करने के लिए 1000 स्ट्रीट लाइट लगाने के सशक्त स्थायी समिति के प्रस्ताव को बोर्ड के द्वारा पास किया गया। वहीं, अतिक्रमण पर रोक लगाने और साफ-सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए नगर प्रहरी की नियुक्ति को मंजूरी दी गई।आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से नगर प्रहरी को बहाल किया जाएगा।वहीं राजस्व वृद्धि को लेकर सभी वार्ड में कैंप लगाकर बकाया होल्डिंग टैक्स वसूली करने के लिए रोस्टर तैयार करने की बात कहीं गई ताकि वार्ड में कैंप लगाकर लोगों से बकाया कर वसूला जा सके। इसके अलावे, ट्रेड लाइसेंस के नवीनीकरण के साथ-साथ नए ट्रेड लाइसेंस बनाने को लेकर विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसको लेकर शहर के सभी प्रतिष्ठान, मॉल और होटल संचालक को नोटिस करने का निर्णय लिया गया। जिससे की राजस्व में वृद्धि हो सके। बैठक में पांच एजेंडा निर्धारित था, जिसमें आवश्यक चर्चा की गई। इसके अलावे, पहले की दो सशक्त समिति की बैठक और एक सामान्य बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय को आयोजित बोर्ड बैठक से संपुष्ट किया गया।वहीं अलग-अलग वार्ड में लंबित विकास योजनाओं को गति देने के साथ-साथ पार्षदों के द्वारा वार्ड के विकास को लेकर लाए गए योजनाओं को बोर्ड की बैठक में शामिल करते हुए आवश्यक स्वीकृति प्रदान की गई। मौके पर पार्षद सोनू कुमार गुप्ता, कुंदन सिंह, मुकेश कुमार, दीपक कुमार गुप्ता, डिंपल चौरसिया, ओम साह, धनश्याम प्रसाद, विरेन्द्र कुमार, मो. अब्बास, रवि कुमार गुप्ता, कांती देवी सहित नप कर्मी बैजू जायसवाल, पंकज कुमार सिंह, अजीत कुमार, जेई रोहित कुमार, विवेक कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
फोटो -नगर परिषद सामान्य बोर्ड की बैठक कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई



