देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी।
ऐतिहासिक चंपारण की पावन धरती पर स्थानीय खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘सांसद खेल महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को तलवारबाजी प्रतियोगिता के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि, सांसद व पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल हार-जीत का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष का निर्माण करता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि मैदान से कोई भी खिलाड़ी खाली हाथ नहीं जाता, या तो वह जीतकर लौटता है या सीखकर। इसलिए हार को निराशा के बजाय आगे बढ़ने की सीख के रूप में लेना चाहिए। चंपारण के ग्रामीण व कस्बाई युवाओं में छिपी अपार क्षमता को राज्य और राष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाने की दिशा में इस आयोजन को एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया। तलवारबाजी जैसे एकाग्रता, साहस और मानसिक दृढ़ता से जुड़े खेल के साथ शुरू हुए इस महोत्सव को लेकर खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में उप महापौर डॉ. लालाबाबू प्रसाद, जिला खेल पदाधिकारी विकास कुमार, संयोजक भानू प्रकाश, सह संयोजक अप्पू कुमार, निगम पार्षद राकेश कुमार, रोचक झा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



