देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव से पांच दिन पूर्व लापता हुई वृद्ध महिला मुस्मात शिवरती देवी का शव शनिवार को भोपतपुर चंवर से बरामद किया गया। चंवर में शव पानी में उपलाता देख ग्रामीणों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान मुस्मात शिवरती देवी के रूप में की।
जानकारी के अनुसार, शिवरती देवी 10 अगस्त की रात से अपने घर से लापता थीं। उनके पुत्र नथुनी साह ने हरसिद्धि थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया था कि भूमि विवाद को लेकर बगलगिर जगमोहन साह, रंगीला साह, पप्पू साह सहित करीब सात लोगों ने उनकी मां का अपहरण कर लिया है तथा उनकी हत्या किए जाने की आशंका भी जताई थी। बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि बरामद शव काफी हद तक सड़-गल चुका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं, शव मिलने के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




