देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। शहर में साफ-सफाई के प्रति लापरवाही और कचरा निस्तारण के नियमों की अनदेखी करने वाली सफाई एजेंसियों पर नगर निगम का चाबुक चला है। नगर आयुक्त आशीष कुमार ने जनहित और शहर की स्वच्छता से खिलवाड़ करने के आरोप में लायंस, सर्जिकल, गोस्वामी, पाथ्या और आकांक्षा नामक 5 प्रमुख एजेंसियों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए कुल 2.50 लाख रुपये का अर्थदंड ठोका है। आयुक्त को शिकायत मिली थी कि ये एजेंसियां वाहनों पर कचरा बिना ढके ही शहर से बाहर ले जाती हैं, जिससे सड़ते कचरे के अवशेष पूरी सड़क पर गिरते हुए निस्तारण स्थल तक पहुंचते थे। इससे न केवल शहर गंदा हो रहा था, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा था। इस कार्रवाई के बाद से निगम के संवेदकों और सफाई ठेकेदारों के बीच हड़कंप मच गया है।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि सभी एजेंसियों को कचरा ढकने के लिए तिरपाल उपलब्ध कराए जा चुके हैं, फिर भी नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि यदि भविष्य में दोबारा ऐसी शिकायत मिली, तो संबंधित एजेंसियों को सीधे काली सूची में डाल दिया जाएगा। इसके साथ ही, सफाई व्यवस्था की निगरानी करने वाले अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि जनहित और शहर की स्वच्छता से जुड़ी किसी भी कार्य प्रणाली में ढिलाई, अनावश्यक देरी या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना निगम की पहली प्राथमिकता है और इसमें कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।












