>साठी थाना के सिरिसिया गांव की घटना, गर्भवती पतोह के साथ भी मारपीट,पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की करवाई में जुटी,
Bettiah. रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। अनुमंडल केसाठी थाना अंतर्गत सिरिसिया गांव में बच्चों के मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सरजू राम की 55 वर्षीय पत्नी सुनैना देवी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह करीब 10 बजे बैद्यनाथ महतो और सरजू राम के परिजनों के बीच विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि बैद्यनाथ महतो के परिजनों ने ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए, जिसमें सुनैना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल सुनैना देवी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चनपटिया में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे उनकी मौत हो गई।महिला की मौत के बाद परिजन शव को घर ले आए और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह और साठी थानाध्यक्ष राजन कुमार पुलिस बल के साथ सिरिसिया गांव पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया है। घटना के संदर्भ में मृतका की पतोह सविता देवी ने बताया कि पुरानी रंजिश के कारण मामला अचानक बढ़ गया और दूसरे पक्ष के लोग ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला करने लगे। सविता देवी ने बताया कि वह स्वयं 5 माह की गर्भवती हैं और आरोपियों ने उनके साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे उनके पेट में तेज दर्द हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि घर के सभी पुरुष सदस्य इन दिनों रोपनी के सिलसिले में पंजाब गए हुए हैं, जिसके कारण घर में केवल महिलाएं ही मौजूद थीं।एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलते ही मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












