माला सिन्हा
पीपराकोठी: जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6 में नामांकन के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. वैसे छात्र छात्रा जिन्होंने अभी तक अपना आवेदन नहीं किया है वें अब उन्हें एक मौका मिल गया है. नवोदय विद्यालय समिति ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है. अब अभ्यर्थी 7 अगस्त 2026 तक निशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. प्राचार्य अनुग्रह प्रसाद ने बताया कि नवोदय विद्यालय समिति की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया अभी जारी है और अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को अवसर देने के उद्देश्य से अंतिम तिथि का विस्तार किया गया है. इच्छुक छात्र-छात्राएं नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा. समिति ने अभिभावकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने बच्चों का आवेदन पूरा करा लें, ताकि अंतिम समय की तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके. साथ ही, विस्तृत जानकारी, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश आधिकारिक वेवसाईट तथा विद्यालय में आकर प्राप्त कर सकते है. गौरतलब है कि जवाहर नवोदय विद्यालय देश के ग्रामीण प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित किए जाते हैं.












