देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ, सुगम और विकसित बनाने के लिए महापौर प्रीति कुमारी ने आम जनता से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यदि नगर निगम क्षेत्र या पथ निर्माण विभाग के अधीन कोई भी मुख्य सड़क, गली या नाला जर्जर और क्षतिग्रस्त अवस्था में है, तो उसकी सूचना तुरंत महापौर कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
महापौर ने शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। कहा कि पथ निर्माण विभाग के माध्यम से कई मुख्य जर्जर सड़कों का निर्माण व मरम्मत कार्य पूरा हो चुका है और कई जगह काम तेजी से चल रहा है। शेष बची सड़कों की सूची भी जल्द ही विभाग को सौंपी जाएगी। सभी वार्डों के गली-मोहल्लों में चरणबद्ध तरीके से सड़क और नाला निर्माण का काम जारी है। नए कार्यों के लिए निविदा की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और विभागीय औपचारिकताएं पूरी होते ही काम धरातल पर शुरू हो जाएगा। महापौर ने विकास कार्यों में पारदर्शिता और प्रभावशीलता के लिए जनता की भागीदारी को जरूरी बताया।
कहा कि आपकी एक सही सूचना आपके वार्ड की सड़क, नाला और जलजमाव की समस्या के शीघ्र समाधान में बड़ी भूमिका निभा सकती है। आइए, मिलकर एक सुरक्षित और विकसित मोतिहारी के निर्माण में भागीदार बनें।












