Bettiah | अनिल कुमार शर्मा|
मझौलिया। स्थानीय पुलिस ने शनिवार की सुबह मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 24 किलो 600 ग्राम गांजा जब्त किया है।
सूचना के आधार पर की गयी इस छापेमारी में पुलिस ने एक बोलेरो वाहन को ज़ब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाइक सवार दो अन्य तस्कर मौके से फरार हो गए। थानाध्यक्ष अमर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मझौलिया-महना मुख्य सड़क पर चेईलाभार गांव के समीप वाहन जांच व घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो की तलाशी में भारी मात्रा में गांजा मिला।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रक्सौल के कौड़िहार चौक निवासी दीपक कुमार (27) व बेतिया आईटीआई निवासी अनुज कुमार (18) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि गांजे की यह खेप रक्सौल से लाकर लोहियरिया पहुंचाई जानी थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार दोनों तस्करों की पहचान कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।












