पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से जब्त की मवेशी लदी पिकअप, जांच में जुटी
बेतिया/नरकटियागंज। शिकारपुर थाना क्षेत्र के मझरिया गांव में ग्रामीणों की तत्परता से मवेशी तस्करी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ हुआ है। ग्रामीणों ने शुक्रवार की रात एक पिकअप वैन पर बेरहमी से लादे गए करीब 14 मवेशियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर पशु तस्कर मौके से भागने में सफल रहे। जानकारी के अनुसार बेहद अमानवीय तरीके से ले जाए जा रहे इन मवेशियों में से पांच की दम घुटने के कारण मौत हो चुकी है। वही इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पशु तस्करों का एक सक्रिय गिरोह काम कर रहा है। ये तस्कर रात के अंधेरे में गांव-गांव घूमकर किसानों के दुधारू और अन्य मवेशियों की चोरी करते हैं और उन्हें दूसरे राज्यों या वधशालाओं में ले जाकर बेच देते हैं। शुक्रवार की रात भी जब ग्रामीणों को पिकअप की गतिविधियों पर शक हुआ, तो उन्होंने उसे घेरा। खुद को फंसता देख तस्कर गाड़ी छोड़कर रफूचक्कर हो गए।
फिलहाल, शिकारपुर थाना पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्यवाही में जुट गई है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पशु तस्करों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी थीं। पिकअप वैन के भीतर लोहे का दो मंजिला रैक बनाया गया था, जिसमें मवेशियों को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। वाहन से उतारे जाने के बाद कई पशु इतने कमजोर और बदहवास हो चुके थे कि वे अपने पैरों पर खड़े होने की स्थिति में भी नहीं थे। पुलिस ने पिकअप और जीवित बचे 9 मवेशियों को जब्त कर लिया है और उनका प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार तस्करों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












