Bettiah. रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। प्रखंड की भसुरारी पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 16 में सात निश्चय योजना के तहत पीसीसी सड़क निर्माण में हुई भारी अनियमितता के मामले में प्रखंड प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले में दोषी पाए गए वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति के तत्कालीन अध्यक्ष हरदेयाल मंडल और तत्कालीन सचिव कृष्णा शर्मा उर्फ अमित कुमार के खिलाफ नीलाम पत्र वाद दर्ज करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी से अनुशंसा की गई है। दोनों से मूल राशि के साथ ब्याज जोड़कर कुल 13 लाख 65 हजार 695 रुपये की सरकारी राशि वसूल की जाएगी।
विदित हो कि वर्ष 2020-21 में भसुरारी के वार्ड-16 में सड़क निर्माण के लिए कुल 12,68,200 रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। लेकिन वार्ड प्रबंधन समिति के द्वारा सरकारी अभिलेखों में 1100 फीट सड़क का निर्माण दिखाकर पूरी राशि की निकासी कर ली गई। जब मामले की जांच की गई, तो धरातल पर मात्र 400 फीट सड़क ही बनी हुई मिली। मामले में प्रशासन द्वारा बार-बार चेतावनी और नोटिस दिए जाने के बावजूद संबंधित अध्यक्ष व सचिव ने न तो सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया और न ही सरकारी राशि वापस की। इसके बाद पंचायत सचिव के आवेदन पर शिकारपुर थाने में दोनों के खिलाफ पहले ही प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है।
बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने बताया कि यह मामला जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय में जाने के बाद वरीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नीलाम पत्र वाद चलाकर ब्याज सहित राशि वसूलने का कड़ा निर्देश दिया था। उन्होंने बताया कि दोषियों के खिलाफ पूर्व में ही प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है। अब वरीय अधिकारियों के निर्देश के आलोक में ब्याज सहित राशि की वसूली के लिए नीलाम पत्र वाद की कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है।












