माला सिन्हा
पीपराकोठी : प्रखंड क्षेत्र के जीवधारा में शुक्रवार को अर्बन बास्केट किराना मॉल का भव्य उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक सुनील कुमार ने फीता काटकर किया. उद्घाटन के दौरान स्थानीय लोगों और गणमान्य व्यक्तियों की अच्छी उपस्थिति रही. इस अवसर पर संस्थान के संचालक ओमप्रकाश कुशवाहा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त किराना मॉल की स्थापना लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी. उन्होंने बताया कि अब क्षेत्रवासियों को दैनिक उपयोग की गुणवत्तापूर्ण सामग्री एक ही स्थान पर उचित मूल्य पर उपलब्ध होगी. इससे लोगों को बाजारों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और समय की भी बचत होगी. साथ ही ग्राहकों को सही कीमत पर बेहतर उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे. मुख्य अतिथि सुनील कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के व्यवसायिक संस्थानों की स्थापना स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करती है तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित करती है. उन्होंने संस्थान की सफलता की कामना करते हुए लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की. मौके पर शैलेन्द्र कुमार, यशवंत जायसवाल, जटाशंकर जायसवाल, विजय जायसवाल, महंथ कुशवाहा, राजेश कुशवाहा, चुटुन कुमार कुशवाहा, पवन कुमार, नायक प्रसाद, प्रकाश यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.












