महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और चौपट कानून व्यवस्था के खिलाफ कचहरी चौक पर गरजा विपक्ष
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं ने कचहरी चौक पर धरना दिया। धरना में बढ़ती बेरोजगारी, कमरतोड़ महंगाई, भ्रष्टाचार, चौपट कानून व्यवस्था, नीट व अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक और कृषि संकट जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को जमकर घेरा गया। महाधरना की अध्यक्षता कर रहे राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधायक मनोज कुमार यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश और प्रदेश में महंगाई अपने चरम पर है। पेट्रोल-डीजल के दाम दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं और आम जनता बेहाल है। नौजवानों को रोजगार देने के बजाय सरकार उनके साथ दमनकारी व्यवहार कर रही है। सबसे शर्मनाक यह है कि सरकार के संरक्षण में माफियाओं द्वारा पेपर लीक कराया जा रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में है।
पूर्व मंत्री डॉ. शमीम अहमद ने कहा कि कृषि में लगातार हो रहे घाटे से किसान बेहाल हैं। उन्हें समय पर खाद नहीं मिल रही और मिल भी रही है तो महंगे दामों पर। प्रदेश में अफसरशाही चरम पर है, प्रतिदिन हत्या और बलात्कार जैसी खौफनाक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
धरना कार्यक्रम के प्रभारी बिन्नू यादव ने सीधे तौर पर नीट को घोटाला करार देते हुए आरोप लगाया कि सरकार द्वारा शिक्षा माफियाओं को खुला संरक्षण प्राप्त है। रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों ने गरीबों की कमर तोड़ दी है। धरना समाप्ति के बाद राजद जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
इस महाधरना का मंच संचालन राष्ट्रीय जनता दल के प्रधान महासचिव सुरेश साहनी ने किया। महाधरना में मुख्य रूप से संगठन जिला मधुबन के अध्यक्ष नूर आलम खान, पूर्व विधायक डॉ. राजेश कुमार, लक्ष्मी नारायण यादव, राजेन्द्र राम, शशि कुमार सिंह, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष, संजय निराला, लखींद्र यादव, मीडिया प्रभारी जावेद अहमद, प्रेम यादव, पवन यादव, नुरूल होदा, असलम अहमद, मुन्नी लाल यादव, राजदेव यादव, लालबाबू खान, लालबाबू यादव, इनामुल हक, अवनीश यादव, कुमार शिवम शाह, अवधेश यादव, कृष्ण दास, मंजूसाह, राजू सिंह, नयन कुशवाहा, जफर रशीदी, सैफुल आजम व इशरत जहां समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य कार्यकर्ता शामिल थे।












