देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। चंपारण डाक प्रमंडल, मोतिहारी ने डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। डाक अधीक्षक मुकेश कुमार लस्कर के कुशल नेतृत्व में 11 जून को चलाए गए विशेष अभियान के तहत प्रमंडल ने मात्र एक दिन में 1 करोड़ 46 लाख रुपये का प्रीमियम अर्जित कर पूरे बिहार परिमंडल में पहला स्थान हासिल किया है।
इस विशेष ड्राइव के दौरान प्रमंडल ने कुल 1,029 नई पॉलिसियां (306 पीएलआई और 723 आरपीएलाई) जारी कीं।
इस अभूतपूर्व सफलता में चंपारण प्रमंडल के डाक कर्मियों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। प्रमंडल के कुल 33 डाक कर्मियों ने एक-एक लाख रुपये से अधिक का प्रीमियम इकट्ठा किया। अभियान में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले आलोक कुमार (शाखा डाकपाल, चिन्तामनपुर) ने सर्वाधिक 8,79,840, अरुण कुमार (शाखा डाकपाल, झाँझरा) ने 2,34,595, हरिओम प्रकाश (पोस्टमैन, दामोदरपुर) ने 2,19,204, श्याम सुंदर कुमार (पोस्टमैन, पचपकरी) ने 2,16,520, शशि रंजन (शाखा डाकपाल, नरकटिया) ने 1,92,312 रुपये का प्रथम प्रीमियम जुटाया।
डाक अधीक्षक मुकेश कुमार लस्कर ने इस कामयाबी को सभी कर्मियों की कड़ी मेहनत, टीम भावना और जनसंपर्क का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि डाक विभाग की योजनाओं पर जनता का बढ़ता भरोसा ही इस ऐतिहासिक कीर्तिमान की नींव है। इस गौरवशाली उपलब्धि के उपलक्ष्य में शुक्रवार को डाक अधीक्षक द्वारा एक लाख रुपये से अधिक का व्यवसाय करने वाले सभी समर्पित डाक कर्मियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया। चंपारण प्रमंडल की यह सफलता पूरे बिहार डाक परिमंडल के लिए एक मिसाल बन गई है।












