बेतिया,रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को बीडीओ सूरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में आवास सहायकों की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान बीडीओ ने प्रखंड में चल रही आवास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और आवास सहायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने सभी आवास सहायकों को कड़ा निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से फील्ड विजिट करें और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिन लाभुकों को आवास की किस्त का भुगतान किया जा चुका है, उनके आवास का निर्माण कार्य हर हाल में जल्द से जल्द पूर्ण करवाएं। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में बीडीओ ने तकनीक आधारित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवास प्लस ऐप पर लाभुकों के सत्यापन कार्य को भी तीव्र गति से पूरा करने का निर्देश दिया ताकि योग्य परिवारों को योजना का लाभ ससमय मिल सके। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मुख्यमंत्री आवास सहायता योजना के अंतर्गत लंबित 3 लाभुकों के आवास निर्माण कार्य को भी अविलंब पूरा कराने की हिदायत दी।
बैठक में पर्यवेक्षक कुमार सुमित और सुशील कुमार सहित आवास सहायक विजय राम, मंतोष कुमार, विशाल कुमार, चेतनारायण पटवारी, आबिद हुसैन समेत कई अन्य कर्मी उपस्थित रहे।












