HomeUncategorizedअरेराज नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति का गठन, पुराने चेहरों पर...

अरेराज नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति का गठन, पुराने चेहरों पर फिर जताया गया भरोसा

देश वाणी – विवेक शर्मा 

अरेराज नगर पंचायत की राजनीति में मंगलवार को उस समय हलचल तेज हो गई, जब सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर आयोजित चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। खास बात यह रही कि समिति के पूर्व सदस्य एक बार फिर अपने प्रभाव को कायम रखने में सफल रहे और तीनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। नगर पंचायत कार्यालय परिसर में सुबह से ही चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज रहीं। सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित बैठक में कुल 14 वार्ड पार्षदों में से 11 पार्षदों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कोरम पूरा होने के बाद निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हुई। सदस्य पद के लिए पूर्व समिति सदस्य अंशु कुमारी, निकु पांडेय और मनिका देवी ने नामांकन दाखिल किया। निर्धारित समय तक किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन नहीं किए जाने के कारण तीनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। इससे यह साफ संकेत मिला कि नगर पंचायत की राजनीति में इन नेताओं की पकड़ अब भी मजबूत बनी हुई है। पूरी चुनाव प्रक्रिया सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ आदित्य नारायण दीक्षित की निगरानी में कराई गई। चुनाव के दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और नवनिर्वाचित सदस्यों का फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया। नगर पंचायत के मुख्य पार्षद रनटू पांडेय, उप मुख्य पार्षद अहमद आजाद अली तथा झुना पांडेय ने निर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नई समिति नगर क्षेत्र के विकास कार्यों को और तेजी से आगे बढ़ाएगी। साथ ही उन्होंने सभी वार्ड पार्षदों के सहयोग और एकजुटता के लिए आभार भी व्यक्त किया।

spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular