Bettiah | रवि मिश्रा|
नरकटियागंज- रामनगर पथ में एक ही बाइक पर सवार थे दो युवतियाँ सहित तीन लोग।
बेटी को परीक्षा दिलाकर लौट रहे महुवी निवासी राजेंद्र काजी की इलाज के दौरान मौत।
हादसे में मृतक की पुत्री अमीषा और सहेली सोनम कुमारी गंभीर रूप से हुई जख्मी।
नरकटियागंज। नरकटियागंज-रामनगर मुख्य मार्ग पर मंझरिया गांव के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो युवतियों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। इलाज के दौरान घायल पिता राजेंद्र काजी की बेतिया जीएमसीएच में मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार, रामनगर थाना क्षेत्र के महुवी गांव निवासी राजेंद्र काजी अपनी पुत्री अमीषा कुमारी और उसकी सहेली सोनम कुमारी को मरजदवा परसा से परीक्षा दिलाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंझरिया के पास विपरीत दिशा से आ रहे अनियंत्रित बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाला चालक मौके से फरार हो गया।
डायल 112 की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. श्री भगवान ने राजेंद्र काजी की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेतिया रेफर कर दिया, जहाँ उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












