देश वाणी। हृदयानंद।
विद्यानगर में किराये के मकान में रहकर अपराध की योजना बना रहा युवक गिरफ्तार।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान कमरे से एक देशी कट्टा और एक डैगर किया जब्त।
अहीरवलिया निवासी विशाल राव के रूप में हुई गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान।
बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के कालीबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्यानगर वार्ड संख्या-04 में पुलिस ने छापेमारी कर एक अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक किराये के मकान में रहकर रात्रि में अपने साथियों के साथ आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता है।
मिली सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। बुधवार की रात्रि जब पुलिस टीम ने विद्यानगर स्थित उक्त किराये के मकान में दबिश दी, तो एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा।
जिसे पुलिस बल ने खदेड़कर पकड़ लिया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान अहीरवलिया (चौतरवा) निवासी विशाल राव के रूप में हुई है। पुलिस ने जब उसके कमरे की तलाशी ली, तो वहां से एक देशी कट्टा और एक डैगर (चाकू) बरामद हुआ। कालीबाग थानाध्यक्ष अजय कुमार चौधरी ने बताया कि इस संबंध में कांड दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Bettiah | Criminal living in a rented house in Kalibag arrested with weapon.












