SHABD,Lucknow, April 22,
मथुरा। मथुरा पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक महिला की हत्या के दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। श्लोक कुमार के निर्देशन में थाना बलदेव प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार और पुलिस बल ने कासिमपुर अंडरपास के पास संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया, जिस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।
श्वेता सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एक अज्ञात महिला की हत्या कर उसका शव यमुना एक्सप्रेसवे पर फेंकने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचे, कारतूस, घटना में प्रयुक्त कार, औजार और मृतका के कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान ब्रजेश कुमार (औरैया) और विकास (इटावा) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और उनके पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।












