spot_img
Wednesday, March 11, 2026
Homeबिहारमोतिहारीबनारस घराने के स्तंभ शास्त्रीय गायक संगीताचार्य स्वामी आत्माराम मिश्र के निधन...

बनारस घराने के स्तंभ शास्त्रीय गायक संगीताचार्य स्वामी आत्माराम मिश्र के निधन पर शोक

-

मोतिहारी। बनारस के पंडित मार्कण्डेय मिश्र घराने की पीढ़ी के मजबूत स्तंभ शास्त्रीय गायक संगीताचार्य स्वामी आत्माराम मिश्र के आकस्मिक निधन से चंपारण के कला- संस्कृति जगत मे गहरी मायूसी छा गयी है। 

रविवार को प्रो. (डॉ.) वीरेन्द्र नाथ पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट, मोतिहारी के तत्त्वावधान में शहर के बलुआ टाल स्थित ट्रस्ट  कार्यालय परिसर में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई, जहाँ बुद्धिजीवी एवं कलाकर्मियों ने स्वामी आत्माराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी कला- यात्रा को नमन किया तथा उनके प्रति अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार ने कहा कि स्वामी आत्माराम पंडित मार्कण्डेय मिश्र के एक ऐसे योग्य पुत्र और सुयोग्य शिष्य थे, जिन्होंने पिता व गुरु के अवसान के पश्चात अपने घराने की विशेषताओं एवं शैली को एक नयी पहचान दिलायी है। 

उन्होंने कहा कि स्वामी आत्माराम मिश्र एक ऐसे शास्त्रीय गायक थे, जिन्होंने चंपारण के धराधाम को अपने राग- रंग से दशकों तक गुलजार किया। इस्ट चंपारण लायंस क्लब के पूर्व अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि स्वामी आत्माराम ने न सिर्फ शास्त्रीय रागो को आत्मसात किया था, बल्कि अपनी सादगी एवं मृदुभाषी व्यवहार से कलाप्रेमियों के दिलों पर एक गहरी व अमिट छाप भी छोड़ी है। 

उन्होंने कहा कि स्वामी आत्माराम गुरुवर मार्कण्डेय मिश्र की पीढ़ी के अगले संस्करण थे, जिनके अकस्मात जाने से यह कड़ी टूट-सी गयी है। एलएनडी कॉलेज के शिक्षा शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्ण कुमार सिन्हा उर्फ राजू कृष्ण ने कहा कि स्वामी आत्माराम के संपूर्ण व्यक्तित्व पर भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहरी छाप थी एवं उन्होंने उसी दृष्टिकोण से अपना जीवन पद्धति अपनाया था।

प्रो. ( डॉ.) वीरेन्द्र नाथ पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट के सचिव संजय पाण्डेय ने स्वामी आत्माराम के व्यक्तित्व की बारीकियों को रेखांकित करते हुए कहा कि उनके जीवन पर भारतीय शास्त्रीय संगीत का गहरा प्रभाव था। उन्होंने कहा कि स्वामी आत्माराम का जीवन, कलात्मक योगदान व उपलब्धियाँ नयी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्पद हैं।

 मौके पर शारदा संगीतालय की प्राचार्य संगीता कुमारी, प्रो. दिवाकर नारायण पाठक, किरण पाण्डेय, युवा फिल्मकार ऋतिक विराज पाण्डेय, अनुराग मिश्र सहित कई कलाकर्मी व गणमान्य लोग मौजूद थे।

Related articles

Bihar

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
spot_img

Latest posts